पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के नजदीक आते ही नगर के बाजारों में भगवान श्रीकृष्ण और लड्डू गोपाल के श्रृंगार से जुड़े सामान की मांग बढ़ने लगी है। दुकानों पर आकर्षक पालकी, पोशाक, मुकुट, बांसुरी और सजावटी सामग्री की कई वैरायटी उपलब्ध हैं। हालांकि बारिश और खराब मौसम का असर बाजार की चहल-पहल पर भी दिखाई दे रहा है। दुकानदारों के मुताबिक सामान्य दिनों की तुलना में ग्राहक कम पहुंच रहे हैं, जिससे कारोबार को लेकर थोड़ी चिंता बनी हुई है।
पालकी की खरीदारी बनी पहली पसंद
दुकानदार मोहित कुमार के अनुसार इस बार जन्माष्टमी के लिए पालकी की मांग सबसे अधिक देखने को मिल रही है। अलग-अलग आकार और डिजाइन में उपलब्ध पालकियों की कीमत उनकी बनावट और सजावट के आधार पर तय की गई है। बाजार में पालकी की कीमत करीब ₹20 से शुरू होकर ₹3,600 तक पहुंच रही है। इसके साथ ही लड्डू गोपाल के नए कपड़े, मुकुट और बांसुरी की भी अच्छी मांग है।
₹10 से ₹5,000 तक मिल रही सजावटी सामग्री
बाजार में जन्माष्टमी से जुड़े विभिन्न प्रकार के सामान अलग-अलग कीमतों पर उपलब्ध हैं। दुकानदारों के मुताबिक सामान्य सजावटी और पूजन सामग्री की कीमत लगभग ₹10 से शुरू होकर ₹5,000 तक है। लड्डू गोपाल की मूर्तियां भी अलग-अलग आकार और डिजाइन में उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत अधिकतम करीब ₹700 तक बताई जा रही है।
जन्माष्टमी बाजार की प्रमुख कीमतें
लड्डू गोपाल: ₹100 से ₹700
ड्रेस: ₹30 से ₹100
मुकुट: ₹20 से ₹350
बांसुरी: ₹20 से ₹100
सजावट का सामान: ₹100 से ₹250
झालर: ₹100 से ₹500
पालकी: ₹20 से ₹3,600 तक
खराब मौसम से कारोबार प्रभावित
दुकानदारों का कहना है कि जन्माष्टमी को लेकर तैयारियां पूरी हैं, लेकिन लगातार खराब मौसम और बारिश के कारण बाजार में अपेक्षित भीड़ नहीं पहुंच रही है। इससे दुकानदारों को बिक्री को लेकर चिंता बनी हुई है। हालांकि व्यापारियों को उम्मीद है कि जैसे-जैसे जन्माष्टमी का पर्व नजदीक आएगा, खरीदारी में तेजी आएगी। विशेषकर पर्व के दिन बाजार में ग्राहकों की संख्या बढ़ने और बिक्री में सुधार की संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्ट: अशोक कुमार जायसवाल