पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। देव दीपावली और सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर सोमवार को मुगलसराय में श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य शोभायात्रा एवं नगर कीर्तन निकाला गया। धर्मशाला गुरुद्वारे से शुरू हुई शोभायात्रा मुगलसराय गुरुद्वारे पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर गुरु महाराज के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। पूरे मार्ग पर भक्ति और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।
धर्मशाला गुरुद्वारे से निकला नगर कीर्तन
गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को लेकर पिछले कई दिनों से नगर में प्रभात फेरी निकाली जा रही थी। सोमवार को नौ दिवसीय प्रभात फेरी का समापन भव्य नगर कीर्तन के साथ हुआ। शोभायात्रा में अलग-अलग क्षेत्रों और समुदायों के लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान निशान साहब की सेवा भी की गई। श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज के जयकारों के साथ मानवता और एकता का संदेश दिया।
विधायक रमेश जायसवाल ने दी प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक रमेश जायसवाल भी शामिल हुए। उन्होंने गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की सभी को लख-लख बधाई और शुभकामनाएं दीं। विधायक ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं समाज को प्रेम, एकता और भाईचारे के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उनके बताए आदर्शों को अपनाकर समाज में आपसी सद्भाव को मजबूत किया जा सकता है।
24 नवंबर को होगा भव्य प्रकाश पर्व समारोह
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सेवादार रंजीत सिंह ने बताया कि नौ दिवसीय प्रभात फेरी का समापन नगर कीर्तन के रूप में किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में चढ़ीकला ग्रुप और कमेटी के सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं सेवादार सरदार महेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि 24 नवंबर को गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मनाया जाएगा। इस अवसर पर बाहर से आने वाले कीर्तन जत्थे गुरु वाणी और भजन-कीर्तन की प्रस्तुति देंगे। धार्मिक कार्यक्रम के बाद देर शाम तक गुरु का लंगर वितरित किया जाएगा।
एक ओंकार का संदेश देता है गुरु नानक देव जी का जीवन
सेवादार गुरदीप सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी का सिद्धांत ‘एक ओंकार’ पूरी मानवता को एकता और समानता का संदेश देता है। उनके उपदेश ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने हमेशा मानव सेवा, प्रेम और आपसी भाईचारे को महत्व दिया। मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। उनके विचारों को जीवन में अपनाकर समाज को बेहतर बनाया जा सकता है।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद
नगर कीर्तन और धार्मिक आयोजन में गुरुद्वारा साहिब के प्रधान रजीत सिंह, महेंद्र सिंह, सतनाम सिंह, नरेंद्र पाल सिंह, नरेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, मनमीत सिंह, राजा हरभजन सिंह, गगनदीप सिंह, मनीष सिंह और हरदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। नगर में निकली इस भव्य शोभायात्रा ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश दिया। अब श्रद्धालुओं को 24 नवंबर को होने वाले मुख्य प्रकाश पर्व समारोह और गुरु के अटूट लंगर का इंतजार है।
रिपोर्टर: अशोक कुमार जायसवाल