1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. Chandauli Job Fair 2026: मुगलसराय में रोजगार मेले का आयोजन, 26 कंपनियों ने दी दस्तक; युवाओं को 35 हजार तक सैलरी का मौका

Chandauli Job Fair 2026: मुगलसराय में रोजगार मेले का आयोजन, 26 कंपनियों ने दी दस्तक; युवाओं को 35 हजार तक सैलरी का मौका

चंदौली के नियामताबाद स्थित लाल बहादुर शास्त्री पीजी कॉलेज में विधानसभा स्तरीय रोजगार मेला-2026 आयोजित किया गया। इसमें 26 कंपनियों ने हिस्सा लेकर 8वीं पास से स्नातक तक के युवाओं को नौकरी के अवसर दिए। कंपनियों ने 14 हजार से 35 हजार रुपये तक मासिक वेतन की पेशकश की। खास बात यह रही कि रोजगार मेले की पूरी चयन प्रक्रिया निःशुल्क रही।

By: hindidesk  RNI News Network
Updated:
gnews
Chandauli Job Fair 2026: मुगलसराय में रोजगार मेले का आयोजन, 26 कंपनियों ने दी दस्तक; युवाओं को 35 हजार तक सैलरी का मौका

मुगलसराय (चंदौली)। जिले के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से नियामताबाद स्थित लाल बहादुर शास्त्री पीजी कॉलेज में विधानसभा स्तरीय वृहद रोजगार मेला-2026 आयोजित किया गया। जिला सेवायोजन कार्यालय चंदौली की ओर से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत आयोजित इस मेले में करीब 26 कंपनियों ने हिस्सा लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अलग-अलग पदों के लिए युवाओं का साक्षात्कार लेकर चयन प्रक्रिया पूरी की। खास बात यह रही कि अभ्यर्थियों को 14 हजार से लेकर 35 हजार रुपये तक के मासिक वेतन पर नौकरी पाने का अवसर मिला।

8वीं पास से ग्रेजुएट तक के युवाओं को मिला मौका

इस रोजगार मेले में शैक्षणिक योग्यता के आधार पर अलग-अलग पदों पर भर्तियां की गईं। आठवीं, दसवीं, बारहवीं, आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक पास अभ्यर्थियों को इसमें शामिल होने का अवसर मिला। औद्योगिक और निजी क्षेत्र की कंपनियों ने ऑपरेटर, प्रोडक्शन, इलेक्ट्रिशियन, फिटर, मशीन ऑपरेटर, सुपरवाइजर और तकनीकी पदों के लिए रिक्तियां उपलब्ध कराईं।

14 हजार से 35 हजार रुपये तक का वेतन

रोजगार मेले में शामिल कंपनियों की ओर से अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और पद के अनुसार 14,000 से 35,000 रुपये तक मासिक वेतन का प्रस्ताव दिया गया। रोजगार के अवसर केवल चंदौली तक सीमित नहीं रहे, बल्कि गौतमबुद्ध नगर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, बेंगलुरु, पुणे और अहमदाबाद जैसे शहरों में भी नौकरी के विकल्प उपलब्ध कराए गए।

जिले में आयोजित हो रहे हैं चार विधानसभा स्तरीय रोजगार मेले

जिला सेवायोजन अधिकारी ओम जी गुप्ता ने बताया कि प्रदेश सरकार और रोजगार विभाग की योजना के तहत प्रत्येक जिले में विधानसभा स्तर पर बड़े रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। चंदौली में चार विधानसभा क्षेत्र होने के कारण यहां भी चार विधानसभा स्तरीय रोजगार मेले आयोजित किए जाने हैं। उन्होंने बताया कि मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र का यह तीसरा रोजगार मेला है। इसके बाद जिले के स्तर पर एक और बड़े रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। विभाग का प्रयास है कि आने वाले समय में इससे अधिक कंपनियों को आमंत्रित कर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

विधायक रमेश जायसवाल रहे मुख्य अतिथि

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक रमेश जायसवाल शामिल हुए। इस दौरान कॉलेज के प्रधानाचार्य सहित अन्य अतिथि और संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। अतिथियों ने युवाओं को ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपनी योग्यता के अनुसार उपलब्ध नौकरियों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

रोजगार मेले में चयन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क

आयोजकों ने अभ्यर्थियों को विशेष रूप से आगाह किया कि रोजगार मेले में पंजीकरण से लेकर चयन प्रक्रिया तक किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता है। यदि कोई व्यक्ति या कंपनी नौकरी दिलाने के नाम पर पैसों की मांग करती है तो ऐसे लोगों से सावधान रहें और इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से करें। इस रोजगार मेले के जरिए जिले के युवाओं को निजी और औद्योगिक क्षेत्रों में करियर बनाने का अवसर मिला। अब उम्मीद है कि आगामी रोजगार आयोजनों में भी बड़ी संख्या में कंपनियां हिस्सा लेंगी और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अधिक विकल्प मिलेंगे।

रिपोर्ट: अशोक कुमार जायसवाल

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...