चंदौली। दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को प्रस्तावित राहुल गांधी की महारैली में शामिल होने के लिए चंदौली के कांग्रेस कार्यकर्ता शनिवार को दिल्ली रवाना हुए। कार्यकर्ताओं का जत्था पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन से ट्रेन के जरिए दिल्ली के लिए रवाना हुआ। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, इस महारैली में इंडिया गठबंधन के विभिन्न दलों के नेता और कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की उठाई मांग
दिल्ली रवाना होने से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची में नाम काटे जाने को लेकर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वोट चोरी के आरोपों को लेकर उनका विरोध जारी रहेगा।
शाहिद तौसीफ ने लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस नेता शाहिद तौसीफ ने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची के संशोधन के दौरान कई पात्र मतदाताओं के नाम हटाए गए। साथ ही उन्होंने फर्जी मतदाताओं के नाम जोड़ने का भी आरोप लगाया। शाहिद तौसीफ ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पूरी होने तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
बृजेश गुप्ता ने फॉर्म-7 को लेकर उठाए सवाल
मुगलसराय शहर कांग्रेस अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने कहा कि राहुल गांधी के आह्वान पर कांग्रेस कार्यकर्ता महारैली में शामिल होने दिल्ली जा रहे हैं। उन्होंने मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे फॉर्म-7 को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने मांग की कि यह स्पष्ट किया जाए कि इतनी बड़ी संख्या में फॉर्म कहां से आ रहे हैं और इनके आधार पर मतदाताओं के नाम किसके निर्देश पर हटाए जा रहे हैं।
कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता हुए रवाना
दिल्ली जाने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं में बृजेश गुप्ता, दयाराम पटेल, शाहिद तौसीफ, संजय जायसवाल, रमेश पांडेय, कन्हैया मोदनवाल, साबिर राईन, मुकीम खान, शकील अहमद, राधेश्याम पासवान, अनुराग शर्मा, अमलेन्दु पांडेय, मदनलाल गुप्ता, कुंदन गुप्ता, इसरार कुरैशी, इकबाल अहमद, मनोज यादव और तेज बहादुर समेत कई अन्य लोग शामिल रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दिल्ली की महारैली में मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों, कथित वोट चोरी और लोकतंत्र की रक्षा के सवालों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
रिपोर्ट – अशोक कुमार जायसवाल