पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय): फल-सब्जी व्यवसायी (विक्रेता) वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले व्यापारियों ने अपनी तीन प्रमुख मांगों को लेकर शुक्रवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में फल-सब्जी विक्रेता शामिल हुए। व्यापारियों ने मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
स्थायी फल-सब्जी मंडी बनाने की मांग
एसोसिएशन के अध्यक्ष चौधरी नारायण प्रसाद सोनकर ने बताया कि व्यापारियों की प्रमुख मांग शहर में स्थायी फल-सब्जी मंडी का निर्माण कराना है। उनका कहना है कि लंबे समय से इस मांग को अधिकारियों और शासन के सामने रखा जा रहा है, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ है।
फुटकर विक्रेताओं के लिए वेंडिंग जोन की मांग
व्यापारियों ने फुटकर फल-सब्जी विक्रेताओं के लिए अलग वेंडिंग जोन निर्धारित करने की मांग भी उठाई है। एसोसिएशन का कहना है कि उचित स्थान उपलब्ध नहीं होने के कारण छोटे विक्रेताओं को सड़क किनारे ठेले या अस्थायी दुकानों के जरिए कारोबार करना पड़ता है। व्यापारियों के मुताबिक इससे उन्हें मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के साथ-साथ अन्य व्यावहारिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
फल-सब्जी के कच्चे माल को नो-एंट्री से छूट की मांग
तीसरी प्रमुख मांग शहर में बाहर से आने वाले फल-सब्जी जैसे कच्चे माल के वाहनों को नो-एंट्री व्यवस्था से राहत देने की है। व्यापारियों का कहना है कि समय पर माल नहीं पहुंचने से उनके कारोबार पर असर पड़ता है।
20 वर्षों से मांग उठाने का दावा
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने दावा किया कि व्यापारी पिछले करीब दो दशकों से इन मांगों को लेकर संबंधित अधिकारियों और सरकार के समक्ष अपनी बात रखते आए हैं। उनका कहना है कि अब तक कई बार आश्वासन मिले, लेकिन मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा प्रदर्शन
एसोसिएशन के सदस्य अशोक सोनकर ने कहा कि व्यापारी शांतिपूर्ण और अहिंसक तरीके से अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक कारोबारी धरना जारी रखने और कारोबार बंद रखकर विरोध दर्ज कराने की बात कह रहे हैं।
बड़ी संख्या में व्यापारी रहे मौजूद
धरने में संस्थापक दयाराम यादव, उपाध्यक्ष बिसुन प्रसाद सोनकर, महामंत्री बृजमोहन प्रसाद सोनकर, मंत्री बिल्लू सरदार, कोषाध्यक्ष त्रिलोकी सोनकर, संगठन मंत्री महेंद्र प्रसाद सोनकर, मीडिया प्रभारी राजकुमार सोनकर व मनोज जायसवाल सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। इसके अलावा वरिष्ठ सदस्य राजेंद्र प्रसाद सोनकर, पारस सोनकर, विशाल सोनकर, सचिन सोनकर, अनिल सोनकर, विजय प्रसाद, राम सिंह सोनकर, अवधेश, साहिल समेत बड़ी संख्या में फल-सब्जी विक्रेताओं ने धरने में भाग लिया।
रिपोर्ट – अशोक कुमार जायसवाल