बरेली। भीषण गर्मी के बीच बरेली के मलूकपुर और आसपास के इलाकों में पिछले पांच दिनों से जारी बिजली संकट ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मलूकपुर, घेर शेख मिट्ठू, पटी गली और खन्नू मोहल्ला समेत कई क्षेत्रों में लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को गर्मी, पानी की किल्लत और अन्य बुनियादी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी अदीबा के अनुसार, मलूकपुर पटी गली में पिछले पांच दिनों से बिजली आपूर्ति लगभग ठप है। लगातार कटौती के कारण घरों के इन्वर्टर जवाब दे चुके हैं और लोग महंगे खर्च पर जनरेटर चलाने को मजबूर हैं। भीषण गर्मी के कारण छोटे बच्चों और बुजुर्गों की तबीयत बिगड़ रही है। क्षेत्र के कई बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल तक ले जाना पड़ा है। कुछ परिवारों ने हालात से परेशान होकर अस्थायी रूप से अपने रिश्तेदारों के यहां शरण ले ली है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि जब कभी बिजली आती भी है, तब लो और हाई वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। इससे कई घरों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो चुके हैं। लगातार बिजली न मिलने से फ्रिज बंद पड़े हैं, जिससे खाने-पीने का सामान खराब हो रहा है। वहीं, मोटर और नलकूप नहीं चल पाने से पीने के पानी, नहाने और घरेलू कार्यों के लिए भी गंभीर संकट पैदा हो गया है।
बिजली व्यवस्था से नाराज महिलाओं ने किला बिजली घर पहुंचकर विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और अधिकारियों को शिकायत सौंपी। प्रदर्शन में अम्मो, शेरू, गुड्डू, रजिया, आसिया और पप्पू समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग की ओर से समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि बिजली आपूर्ति जल्द से जल्द सुचारु की जाए और लो-हाई वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि लोगों को भीषण गर्मी के बीच राहत मिल सके। फिलहाल बिजली विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।