1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. घंटेभर की बारिश में डूबी भोकरहेड़ी, जलभराव से लोगों का फूटा गुस्सा, प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन

घंटेभर की बारिश में डूबी भोकरहेड़ी, जलभराव से लोगों का फूटा गुस्सा, प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन

मुजफ्फरनगर : मोरना क्षेत्र में बारिश ने खोली जल निकासी व्यवस्था की पोल, तालाबों पर अतिक्रमण को बताया मुख्य वजह, स्कूली बच्चे और ग्रामीण सबसे ज्यादा प्रभावित।

By: hindidesk  RNI News Network
Updated:
gnews
घंटेभर की बारिश में डूबी भोकरहेड़ी, जलभराव से लोगों का फूटा गुस्सा, प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन

मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र के मोरना और भोकरहेड़ी कस्बे में महज एक घंटे की बारिश ने नगर पंचायत और जिला प्रशासन के जल निकासी व साफ-सफाई के दावों की पोल खोल दी। भारी जलभराव के कारण सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। स्कूली बच्चों, ग्रामीणों और राहगीरों को गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर होना पड़ा।

मंगलवार को कस्बे के लक्सर मार्ग और मोहल्ला बेहड़ा पट्टी में जलभराव से परेशान लोगों ने गंदे पानी में खड़े होकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि तालाबों पर लगातार हो रहे अतिक्रमण के कारण पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है, जिससे हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है।

नगर पंचायत के नामित सभासद संजीव कश्यप ने बताया कि तालाबों पर अतिक्रमण के चलते लक्सर मार्ग और बेहड़ा पट्टी में लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। छोटे वाहन कीचड़ में फंस जाते हैं और योगेंद्र नगर, मजलिसपुर, तोफिर समेत आसपास के गांवों के बच्चों को स्कूल जाने के लिए गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है।

स्थानीय निवासी कपिल कुमार ने बताया कि पिछले करीब दस वर्षों से कस्बा जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन ने कोई स्थायी समाधान नहीं किया। उन्होंने कहा कि गंदे पानी और दुर्गंध के कारण संक्रमण और गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ गया है, जबकि कई मकानों की दीवारों में भी दरारें आने लगी हैं।

प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना है कि वर्षों से शिकायतों के बावजूद न तो अधिकारी मौके पर पहुंचते हैं और न ही तालाबों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई होती है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था सुधारने, अतिक्रमण हटाने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...