पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने विशेष अभियान शुरू किया है। बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर घर-घर पहुंचकर लोगों से संपर्क किया और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक किया। इस दौरान नए मतदाताओं को फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
घर-घर जाकर मतदाताओं को कर रहे जागरूक
भाजपा की ओर से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में ऐसे नागरिकों की पहचान कर रहे हैं, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है। पात्र लोगों को फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जुड़वाने की प्रक्रिया बताई जा रही है, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची में नाम जरूरी: काशीनाथ सिंह
भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसके लिए जरूरी है कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज हों। उन्होंने कहा कि मतदान केवल संवैधानिक अधिकार नहीं, बल्कि देश और समाज के भविष्य के निर्माण में भागीदारी का माध्यम भी है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जिम्मेदारी के साथ घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें और पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने में सहयोग करें।
17 नवंबर से प्रदेशभर में शुरू हुआ अभियान
भाजपा दीनदयाल नगर मंडल अध्यक्ष एडवोकेट कुंदन सिंह ने बताया कि प्रदेश में 17 नवंबर से मतदाता जोड़ो अभियान की शुरुआत की गई है। संगठन के निर्देशानुसार प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया गया है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान नए मतदाताओं के साथ उन लोगों की भी पहचान की जा रही है, जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है। ऐसे नागरिकों को फॉर्म-6 के जरिए आवेदन करने की जानकारी दी जा रही है।
पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ना प्राथमिकता
विधानसभा प्रभारी चाणक्य त्रिपाठी ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता जरूरी है। अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने के उद्देश्य से संगठन लगातार प्रयास कर रहा है।
इस दौरान अजीत मौर्य, सुरेंद्र चौहान सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता भी घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करते और उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करते नजर आए।
रिपोर्ट: अशोक कुमार जायसवाल