सोनभद्र। जिले के चतरा ब्लॉक अंतर्गत शिवाला गांव में बेलन नदी के पावन तट पर स्थित करीब 450 वर्ष प्राचीन सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में 24 नवंबर 2026 को देव दीपावली का पर्व बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित भव्य दीपोत्सव में 5100 दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर और बेलन नदी का तट जगमगा उठा। आयोजन में 250 से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
5100 दीपों की रोशनी से जगमगाया मंदिर परिसर
देव दीपावली के अवसर पर मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ दीप जलाए। हजारों दीपों से सजे मंदिर परिसर का दृश्य बेहद मनमोहक नजर आया। बेलन नदी के तट पर दीपों की जगमगाहट ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक और भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
महाआरती और भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल
कार्यक्रम के दौरान भगवान सिद्धेश्वर महादेव का विशेष श्रृंगार किया गया। इसके बाद भव्य महाआरती का आयोजन हुआ। सुमधुर भजनों और जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
आयोजन को सफल बनाने में इनकी रही अहम भूमिका
समस्त भक्त मंडल के सहयोग से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी शिवदत्त तिवारी और ललित पाठक ने संभाली। वहीं, कार्यक्रम का संचालन अरविंद त्रिपाठी एवं दिलीप चौबे ने किया। आयोजन के संयोजक के रूप में जितेन्द्र त्रिपाठी, शिवपूजन त्रिपाठी, अरुण तिवारी, कपिलकान्त पाठक और हेमन्त त्रिपाठी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा प्रसाद वितरण की व्यवस्था जितेन्द्र मौर्या, हीरालाल, बिन्दु मौर्या और बबल यादव की देखरेख में संपन्न हुई।
मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं का जताया आभार
देव दीपावली का यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति और सामूहिक सहभागिता का सुंदर उदाहरण बना। कार्यक्रम के समापन पर सिद्धेश्वर महादेव मंदिर समिति ने आयोजन में शामिल सभी श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं और ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। हजारों दीपों से रोशन मंदिर परिसर की छटा ने श्रद्धालुओं के मन में विशेष छाप छोड़ी।