पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। देव दीपावली के पावन पर्व पर मंगलवार की रात नगर स्थित मानसरोवर तालाब का नजारा बेहद आकर्षक और मनमोहक नजर आया। यहां आयोजित भव्य दीपोत्सव में 11 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की सुनहरी रोशनी से पूरा तालाब परिसर जगमगा उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया। इस धार्मिक आयोजन में महिलाओं, छठ व्रतियों, युवाओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
11 हजार दीपों से रोशन हुआ मानसरोवर तालाब
श्री-श्री सूर्यदेव मंदिर के संस्थापक कृष्णा गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस दीपोत्सव में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। तालाब परिसर के विभिन्न स्थानों पर दीप सजाकर देव दीपावली का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। आयोजन की खास बात यह रही कि नगरवासियों से अपने घरों से दीप लेकर आने की अपील की गई थी, जिसका लोगों ने उत्साहपूर्वक पालन किया। बड़ी संख्या में लोगों ने स्वयं दीप जलाकर इस सामूहिक उत्सव को यादगार बनाया।
कृष्णा गुप्ता ने नगरवासियों का जताया आभार
आयोजन के संबंध में संस्थापक कृष्णा गुप्ता ने बताया कि देव दीपावली के अवसर पर कुल 11 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। उनका उद्देश्य नगरवासियों को एक मंच पर लाकर धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को सामूहिक रूप से आगे बढ़ाना है। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही गुरु नानक जयंती के अवसर पर देश और जनपदवासियों को शुभकामनाएं दीं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट
दीपोत्सव में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया था। पुलिसकर्मियों को भीड़ प्रबंधन, आवागमन व्यवस्था और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए थे।
मुगलसराय थाना प्रभारी अर्जुन सिंह और अलीनगर थाना प्रभारी गगनराज सिंह भी पुलिसकर्मियों के साथ लगातार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। तालाब के चारों कोनों पर पुलिस जवानों के साथ महिला कांस्टेबलों की भी तैनाती की गई थी। वहीं, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग किया।
आयोजन में इन लोगों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर बलजीत शर्मा, कुन्दन शर्मा, सतीश कुमार, राकेश तिवारी, क्रांति कुमार शर्मा, शारदानंद मिश्रा, बलराम केशरी, कन्हैया केशरी, पवन शर्मा, नीरज कुमार, अशोक कुमार रावत, प्रभात कुमार, मनीष कुमार, चंद्रशेखर सिंह और कमलेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। मानसरोवर तालाब पर सजे हजारों दीपों ने न केवल धार्मिक आस्था का संदेश दिया, बल्कि सामूहिक सहभागिता और सामाजिक एकजुटता की सुंदर मिसाल भी पेश की।
रिपोर्ट – अशोक कुमार जायसवाल