मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट से एयर इंडिया एक्सप्रेस की नई हवाई सेवा का विधिवत शुभारंभ किया। इस नई फ्लाइट सेवा के तहत अब देहरादून से सीधे बेंगलुरु के लिए उड़ान भरना संभव होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून से एयर इंडिया एक्सप्रेस की सेवाओं की शुरुआत राज्य के नागरिक उड्डयन क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इसे उत्तराखंड के समग्र विकास और हवाई संपर्क विस्तार की दिशा में एक अहम कदम बताया।
धामी ने कहा कि बेंगलुरु से बेहतर कनेक्टिविटी मिलने से उत्तराखंड में पर्यटन, व्यापार और निवेश के नए अवसर पैदा होंगे। इसके साथ ही शिक्षा और पेशेवर क्षेत्रों में भी युवाओं को लाभ मिलेगा। बेंगलुरु जैसे गतिशील शहर से जुड़ने से छात्रों, उद्यमियों और पेशेवरों के लिए नई संभावनाएं खुलेंगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह नई हवाई सेवा राज्य की अर्थव्यवस्था और आम जनता दोनों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी। उन्होंने एयर इंडिया एक्सप्रेस का स्वागत करते हुए कहा कि इस सेवा से उत्तराखंड को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में मदद मिलेगी।