1. हिन्दी समाचार
  2. अन्य खबरें
  3. Chandauli News: चूरमुली गांव में बाढ़ का कहर, राणा सिंह ने मांगा राहत-मुआवजा

Chandauli News: चूरमुली गांव में बाढ़ का कहर, राणा सिंह ने मांगा राहत-मुआवजा

चंदौली के बाढ़ प्रभावित चूरमुली गांव का भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राणा सिंह ने स्थलीय निरीक्षण किया। ग्रामीणों की समस्याएं जानकर राहत सामग्री, गिरे मकानों और धान की फसल के नुकसान का मुआवजा देने की मांग की।

By: hindidesk  RNI News Network
Updated:
gnews
Chandauli News: चूरमुली गांव में बाढ़ का कहर, राणा सिंह ने मांगा राहत-मुआवजा

चंदौली : पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। शुक्रवार को 380 विधानसभा मुगलसराय क्षेत्र के ग्राम सभा चूरमुली समेत आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं नेता राणा सिंह ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर बाढ़ से उत्पन्न समस्याओं और उनकी परेशानियों की जानकारी ली और मौके पर हालात का जायजा लिया। राणा सिंह ने कहा कि क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर है। कई गांव चारों तरफ से पानी से घिरे हुए हैं। बाढ़ के कारण ग्रामीणों के सामने भोजन, पशुओं के चारे और आवास की समस्या खड़ी हो गई है। कई कच्चे मकान गिर गए हैं, जबकि घरों में रखा अनाज भी पानी में भीग जाने से प्रभावित परिवारों के सामने खाने-पीने का संकट पैदा हो गया है।

प्रभावित परिवारों के लिए राहत सामग्री की मांग

राणा सिंह ने बताया कि बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं को जिला प्रशासन और जिलाधिकारी के संज्ञान में पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि सामान्य स्थिति बहाल होने तक प्रभावित परिवारों के लिए भोजन के पैकेट, नाश्ता, दियासलाई, मोमबत्ती और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से राहत व्यवस्था को प्रभावी बनाने और प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाने के लिए भी वार्ता की।

गिरे मकानों और फसल नुकसान का मुआवजा देने की मांग

राणा सिंह ने मांग की कि बाढ़ में जिन लोगों के मकान गिर गए हैं, उन्हें मुख्यमंत्री राहत कोष से आवास उपलब्ध कराया जाए। साथ ही बाढ़ से धान की फसल को हुए नुकसान का निष्पक्ष सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए।
उन्होंने कहा कि चंदौली किसान बाहुल्य जिला है और धान यहां किसानों की प्रमुख आय का साधन है। ऐसे में बाढ़ से हुए फसल नुकसान को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित किसानों को राहत दी जानी चाहिए।

गढ़ई और चंद्रप्रभा नदी के जलस्तर पर चिंता

राणा सिंह ने गढ़ई नदी और चंद्रप्रभा नदी के उफान पर भी चिंता जताई। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से दोनों नदियों के जलस्तर और बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने की मांग की।उन्होंने कहा कि बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है। इसके लिए शासन स्तर पर भी आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में बाढ़ से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके और ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन एवं जीवन-यापन की सुविधा मिल सके।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...