उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के इतिहास में दूसरे सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री बनने पर प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर को देश के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने एक नए युग में प्रवेश किया है, जहां राष्ट्र निर्माण, अंत्योदय, नवाचार और वैश्विक सशक्तिकरण जैसे मूल तत्वों को मजबूती से जमीन पर उतारा गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ न सिर्फ देश की नीति और दिशा बदली, बल्कि भारत को वैश्विक मंच पर एक शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। उनके नेतृत्व में भारत ने कोविड महामारी, वैश्विक आर्थिक मंदी और भू-राजनीतिक चुनौतियों जैसी कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए विकास की रफ्तार को कभी धीमा नहीं पड़ने दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि नरेंद्र मोदी का नेतृत्व समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने वाला नेतृत्व है, जो सिर्फ घोषणाओं तक सीमित नहीं, बल्कि धरातल पर परिणाम देने वाला है। अंत्योदय के सिद्धांत पर काम करते हुए प्रधानमंत्री ने गांव, गरीब, किसान, महिला और युवा – हर वर्ग को केंद्र में रखकर योजनाएं बनाई और उनका सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को “नए भारत का निर्माता” बताते हुए कहा कि देश अब आत्मनिर्भरता की राह पर अग्रसर है। डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं को न सिर्फ नए अवसर दिए, बल्कि वैश्विक प्रतिस्पर्धा में भी सक्षम बनाया है। विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। देश में सेमीकंडक्टर, स्पेस टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और हरित ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में तीव्र प्रगति हो रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री मोदी का 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य हर भारतवासी के मन में जोश और संकल्प का संचार करता है। यह लक्ष्य सिर्फ आर्थिक प्रगति का नहीं, बल्कि समावेशी, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का है। उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है कि हमें नरेंद्र मोदी जैसा दूरदर्शी, निर्णायक और राष्ट्रनायक नेतृत्व प्राप्त हुआ है।