बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर बड़ा बयान दिया है। बरेली में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस और शराब की सभी दुकानें बंद रहेंगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
मंत्री ने बताया कि यात्रा मार्ग पर संचालित ढाबों, रेस्टोरेंट, होटलों और अन्य दुकानों के बाहर नेम प्लेट लगाना अनिवार्य होगा, ताकि दुकानदार की पहचान स्पष्ट रहे। उन्होंने कहा कि कई बार पहचान छिपाकर धार्मिक नामों से दुकानें संचालित किए जाने के कारण विवाद की स्थिति बन जाती है। पिछले वर्ष हुए विवादों को ध्यान में रखते हुए इस बार भी यह व्यवस्था लागू की जा रही है।
‘सावन में मांस और मछली से परहेज करें’
मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए धर्मपाल सिंह ने कहा कि बरसात और सावन के दौरान मांस और मछली का सेवन स्वास्थ्य की दृष्टि से भी उचित नहीं माना जाता, इसलिए लोगों को इससे परहेज करना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति अपनी पहचान छिपाकर कांवड़ यात्रा के दौरान व्यवधान उत्पन्न करने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।
कांवड़ यात्रियों पर होगी पुष्पवर्षा
पशुधन मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार इस वर्ष भी कांवड़ यात्रियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। बरेली में भी जिला प्रशासन की ओर से कांवड़ियों के स्वागत के लिए पुष्पवर्षा की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं के स्वागत में विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।