बहराइच: केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बहराइच में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करते हुए आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह भरा। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर प्रकरण, केंद्र सरकार की उपलब्धियों और विपक्ष की राजनीति पर भी अपनी बात रखी।
राम मंदिर से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले पर सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई के संदर्भ में पंकज चौधरी ने कहा कि सरकार इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि संबंधित ट्रस्ट एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर सुप्रीम कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत करेगा, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
दिल्ली में योग गुरु बाबा रामदेव के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मूल मंत्र के साथ सभी वर्गों को साथ लेकर कार्य कर रही है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए पंकज चौधरी ने आरोप लगाया कि विपक्ष का उद्देश्य केवल संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाना है। उन्होंने कहा कि विपक्ष कभी चुनाव आयोग, कभी ईवीएम और कभी अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाता है, जबकि उसके पास जनहित से जुड़े कोई ठोस मुद्दे नहीं हैं। उनके अनुसार विपक्ष केवल भ्रम फैलाने और राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहा है।