आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए प्रदेश सरकार ने बड़ी राहत देने वाला कदम उठाया है। सेवानिवृत्ति पर मिलने वाली एकमुश्त राशि में भारी बढ़ोतरी करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इससे प्रदेश की करीब 38 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सीधा लाभ मिलेगा।
सेवानिवृत्ति पर अब चार लाख रुपये तक की सहायता
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के अनुसार अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सेवा पूर्ण होने पर अधिकतम 4 लाख 32 हजार रुपये तक एकमुश्त धनराशि देने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। यह राशि पहले की तुलना में कई गुना अधिक है।
विभागीय निदेशक बीएल राणा ने बताया कि लंबे समय से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कल्याण कोष योजना के तहत सेवानिवृत्ति एवं मृत्यु पर मिलने वाली धनराशि बढ़ाने की मांग की जा रही थी। मंत्री रेखा आर्या की अध्यक्षता में इस विषय पर दो बार बैठक हुई, जिसमें इस राशि को बढ़ाने पर सहमति बनी।
सेवा अवधि के अनुसार तय होगी राशि
नई व्यवस्था के तहत- 10 साल सेवा पूरी करने वाली कार्यकर्ताओं को 1,62,000 रुपये,30 साल सेवा पर 4,32,000 रुपये,एकमुश्त देने का प्रस्ताव है।
इसके लिए कल्याण कोष में वृद्धि करते हुए राज्य सरकार से 25 करोड़ रुपये अतिरिक्त मांगे गए हैं। साथ ही कार्यकर्ताओं का अंशदान 100 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये प्रति माह करने का सुझाव दिया गया है।
अंशदान बढ़ाने पर कार्यकर्ताओं की आपत्ति
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रस्ताव को शासन में भेजने से पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगठनों से सुझाव लिए जा रहे हैं। संगठन का कहना है कि अंशदान बढ़ाने से पहले मानदेय बढ़ाया जाना जरूरी है, अन्यथा यह प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया जाएगा।