1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तराखंड
  3. चंदौली: बहादुरपुर में थाने की प्रस्तावित जमीन पर बनेगा उत्सव भवन और आधुनिक पार्क, 2.40 करोड़ की योजना

चंदौली: बहादुरपुर में थाने की प्रस्तावित जमीन पर बनेगा उत्सव भवन और आधुनिक पार्क, 2.40 करोड़ की योजना

चंदौली के बहादुरपुर में थाना निर्माण के लिए प्रस्तावित भूमि को अब जनहित की परियोजना के लिए विकसित करने की तैयारी है। करीब 2.40 करोड़ रुपये की लागत से यहां उत्सव भवन, आधुनिक पार्क और खेल सुविधाएं विकसित करने की योजना है। पार्क में ओपन जिम, वॉकवे, बच्चों के लिए खेल उपकरण, बास्केटबॉल और बैडमिंटन कोर्ट जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं।

By: hindidesk  RNI News Network
Updated:
gnews
चंदौली: बहादुरपुर में थाने की प्रस्तावित जमीन पर बनेगा उत्सव भवन और आधुनिक पार्क, 2.40 करोड़ की योजना

चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर क्षेत्र के बहादुरपुर में थाना निर्माण के लिए पहले प्रस्तावित भूमि का अब जनहित में उपयोग किए जाने की तैयारी है। प्रशासन और नगर पालिका की टीम ने सोमवार को स्थल का निरीक्षण किया। योजना के तहत यहां उत्सव भवन के साथ आधुनिक पार्क और खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। पूरी परियोजना की अनुमानित लागत करीब 2.40 करोड़ रुपये बताई गई है।

ग्रामीणों को मिलेगी सामाजिक कार्यक्रमों की सुविधा

विधायक प्रतिनिधि संजय पासवान के अनुसार उत्सव भवन के निर्माण पर लगभग 1.24 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके तैयार होने के बाद बहादुरपुर के साथ मढ़िया, कुंडा, बसौढ़ी, रामपुर और आसपास के गांवों के लोगों को शादी-विवाह और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए किफायती स्थान मिल सकेगा। उनके मुताबिक, निजी मैरिज लॉन का किराया कई परिवारों के लिए काफी महंगा पड़ता है। ऐसे में उत्सव भवन में अपेक्षाकृत कम खर्च में कार्यक्रम आयोजित करने की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।

युवाओं और बच्चों के लिए खेल सुविधाएं

परियोजना के दूसरे हिस्से में करीब 95 से 98 लाख रुपये की लागत से बीडी पार्क और खेल मैदान विकसित करने की योजना है। पार्क में बच्चों के लिए झूले और खेल उपकरण लगाए जाएंगे। वहीं युवाओं एवं अन्य लोगों के लिए ओपन जिम के साथ बास्केटबॉल और बैडमिंटन कोर्ट बनाने का प्रस्ताव है।

वॉकवे, रैंप और हरियाली से संवरेगा परिसर

आधुनिक पार्क में लोगों के टहलने के लिए इंटरलॉकिंग टाइल्स से वॉकवे और रैंप बनाए जाने की योजना है। परिसर की सुरक्षा के लिए गार्ड रूम भी प्रस्तावित है। इसके अलावा पौधरोपण कर क्षेत्र को हरा-भरा और आकर्षक बनाने पर जोर दिया जाएगा।

सीमांकन के बाद तय होगा अंतिम क्षेत्रफल

राजस्व विभाग द्वारा प्रस्तावित भूमि का सीमांकन कराया जा रहा है। सीमांकन पूरा होने के बाद उपलब्ध जमीन के आधार पर पार्क और खेल मैदान के अंतिम दायरे को तय किया जाएगा।

थाना निर्माण के बजाय जनसुविधा को प्राथमिकता

विधायक प्रतिनिधि संजय पासवान ने बताया कि इस जमीन पर पहले थाना या पुलिस चौकी बनाने की मांग उठी थी। उनका कहना है कि क्षेत्र से करीब आठ किलोमीटर की दूरी पर थाना पहले से मौजूद है। ऐसे में भूमि का उपयोग उत्सव भवन और पार्क के लिए किए जाने से स्थानीय लोगों को अधिक प्रत्यक्ष लाभ मिल सकता है। स्थल निरीक्षण के दौरान एसडीएम राजेश कुमार वर्मा, तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव, लेखपाल सुजीत कुमार, विधायक प्रतिनिधि संजय पासवान सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट – अशोक कुमार जायसवाल

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...