उत्तराखंड : देहरादून के सुनियोजित और संतुलित विकास की दिशा तय करने वाली महायोजना-2041 के प्रारूप पर आम जनता को अपने सुझाव और आपत्तियां दर्ज कराने का एक और अवसर दिया गया है। सेक्टरवार जनसुनवाई पूरी होने के बाद अब 28 जुलाई से 4 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एमडीडीए कार्यालय के सभागार में विशेष जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।
एमडीडीए के अनुसार, इस विशेष जनसुनवाई में कोई भी नागरिक महायोजना-2041 के प्रारूप पर अपने सुझाव और आपत्तियां दर्ज करा सकता है। इससे पहले 6 जुलाई से 21 जुलाई के बीच शहर के विभिन्न सेक्टरों में जनसुनवाई आयोजित की गई थी। अब उन लोगों को भी मौका दिया जा रहा है, जो किसी कारणवश पहले अपनी बात नहीं रख पाए थे।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में जनसुनवाई में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि देहरादून महायोजना-2041 का उद्देश्य विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाते हुए वर्ष 2041 तक एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और जनहितैषी राजधानी का निर्माण करना है।
महायोजना के तहत सड़क नेटवर्क, यातायात व्यवस्था, आवास, जल निकासी, पार्किंग, हरित क्षेत्र, पर्यावरण संरक्षण और भविष्य की आधारभूत सुविधाओं से जुड़े सुझाव आमंत्रित किए जा रहे हैं। एमडीडीए का कहना है कि प्राप्त सभी सुझावों और आपत्तियों का तकनीकी एवं विधिक परीक्षण करने के बाद आवश्यक संशोधन कर अंतिम महायोजना तैयार की जाएगी।
जनभागीदारी के इस अभियान के माध्यम से एमडीडीए राजधानी देहरादून की भावी विकास योजना को स्थानीय जरूरतों और नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप अंतिम रूप देने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।