देहरादून नगर निगम शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में लगातार प्रभावी कदम उठा रहा है। नगर आयुक्त नमामि बंसल के अनुसार, पहले घरों से कूड़ा उठाने की जिम्मेदारी एक निजी एजेंसी के पास थी, लेकिन लगातार मिल रही शिकायतों और सेवा की गुणवत्ता में कमी को देखते हुए अब यह जिम्मेदारी सीधे नगर निगम ने अपने हाथों में ले ली है। निगम द्वारा तैनात पर्यावरण मित्रों को समय पर वेतन, प्रशिक्षण और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे सफाई व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखा गया है।
नगर आयुक्त ने यह भी बताया कि इस बार मानसून के दौरान शहर में जलभराव की स्थिति पिछले वर्षों की तुलना में काफी नियंत्रित रही है। इसका मुख्य कारण यह है कि नगर निगम ने समय से पहले ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। जनवरी माह से ही नालों और खालों की सफाई का काम युद्धस्तर पर प्रारंभ किया गया था, जिससे बारिश के दौरान जलनिकासी बेहतर ढंग से हो सकी।
देहरादून नगर निगम की इन पहलों से न केवल शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार हुआ है, बल्कि नागरिकों के भरोसे में भी वृद्धि हुई है। निगम की कार्यप्रणाली को नागरिकों द्वारा सराहा जा रहा है।