1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तराखंड
  3. 2027 चुनाव के लिए भाजपा का मिशन बूथ, उत्तराखंड में हैट्रिक की तैयारी तेज

2027 चुनाव के लिए भाजपा का मिशन बूथ, उत्तराखंड में हैट्रिक की तैयारी तेज

उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने बूथ स्तर पर विशेष रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कोर कमेटी बैठक में हर बूथ पर माइक्रो प्लान, तीन माह के विशेष अभियान और संगठन-सरकार के समन्वय पर जोर दिया।

By: hindidesk  RNI News Network
Updated:
gnews
2027 चुनाव के लिए भाजपा का मिशन बूथ, उत्तराखंड में हैट्रिक की तैयारी तेज

उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी यानी हैट्रिक बनाने के लक्ष्य के साथ बूथ स्तर पर विशेष रणनीति तैयार करने का फैसला किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तराखंड दौरे के दौरान देहरादून स्थित प्रदेश मुख्यालय में कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक ली, जिसमें चुनावी रणनीति, संगठन विस्तार और बूथ प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा हुई।

करीब तीन घंटे तक चली बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि आगामी चुनावों में जीत का सबसे मजबूत आधार बूथ स्तर की मजबूती होगी। इसके लिए हर बूथ पर माइक्रो प्लान तैयार किया जाएगा और अगले तीन महीनों तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व मुख्यमंत्रियों, सांसदों, मंत्रियों और पदाधिकारियों को उन बूथों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जहां भाजपा पिछले दो चुनावों में जीत दर्ज नहीं कर सकी थी।

बैठक में यह भी तय किया गया कि कोर कमेटी के सदस्य प्रत्येक बूथ पर कम से कम दो दिन प्रवास करेंगे। इस दौरान स्थानीय समस्याओं, जनता की अपेक्षाओं और संगठनात्मक फीडबैक को एकत्र कर सरकार तक पहुंचाया जाएगा। इसके आधार पर जनता की समस्याओं का समाधान और चुनावी रणनीति दोनों को मजबूत किया जाएगा।

नितिन नवीन ने सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल को भाजपा की सफलता का प्रमुख आधार बताते हुए कार्यकर्ताओं को अनुशासन और समर्पण के साथ काम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जून, जुलाई और अगस्त के दौरान चलाए जाने वाले विशेष अभियान के माध्यम से प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाया जाएगा।

बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि समान नागरिक संहिता (UCC) समेत कई ऐतिहासिक निर्णयों और विकास कार्यों के आधार पर भाजपा राज्य में जीत की हैट्रिक लगाने की स्थिति में है। उन्होंने पार्टी नेताओं को निर्देश दिए कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए और जनता से निरंतर संवाद बनाए रखा जाए।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...