1. हिन्दी समाचार
  2. अन्य खबरें
  3. Uttarakhand : राज्य स्थापना दिवस की तैयारी को लेकर सीएम धामी ने दिए सख्त निर्देश

Uttarakhand : राज्य स्थापना दिवस की तैयारी को लेकर सीएम धामी ने दिए सख्त निर्देश

Uttarakhand : सीएम पुष्कर सिंह धामी ने 9 नवंबर राज्य स्थापना दिवस की तैयारियों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को प्रभावी और योजनाबद्ध कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों की मरम्मत, नंदा राजजात मार्गों के रखरखाव और यातायात नियंत्रण पर विशेष जोर दिया। साथ ही, स्वच्छता, मिलावट रोकथाम और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

By: hindidesk  RNI News Network
Updated:
gnews
Uttarakhand : राज्य स्थापना दिवस की तैयारी को लेकर सीएम धामी ने दिए सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगामी 9 नवंबर को मनाए जाने वाले राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि यह पर्व पूरे राज्य के लिए गौरव का अवसर है, इसलिए इसकी तैयारियां प्रभावशाली और योजनाबद्ध ढंग से की जाएं तथा जनता की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

सीएम धामी ने सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्यों को लेकर अधिकारियों को विशेष निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता दी जाए और 31 अक्टूबर तक सभी पैच वर्क पूरे कर लिए जाएं। गड्ढा मुक्त सड़क अभियान की नियमित समीक्षा करने और कार्यों की गुणवत्ता पर कड़ी निगरानी रखने पर भी जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने नंदा राजजात यात्रा मार्गों के रखरखाव और रात्रि विश्राम स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं को विकसित करने की दिशा में ठोस योजना तैयार करने को कहा। उन्होंने हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे सभी विभागों और संस्थानों की सराहना भी की।

बैठक में सीएम ने बढ़ते शहरी यातायात को नियंत्रित करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने, स्वच्छता अभियान को गति देने और खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने और बार-बार शिकायत वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने पर भी बल दिया।

इस बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, विनय शंकर पांडेय, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमान, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते और अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...