प्रदेश सरकार राज्य स्थापना की रजत जयंती को यादगार बनाने में जुटी है। यह पहला अवसर होगा जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रम में उत्तराखंडवासियों का उत्साहवर्धन करेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 1 नवंबर से 11 नवंबर तक प्रदेशभर में राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर रजत जयंती समारोह आयोजित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि आने वाले एक वर्ष में 12 हजार युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। राज्य में बेरोजगारी की दर में कमी आई है और राज्य बनने के बाद प्रति व्यक्ति आय 17 गुना बढ़ी है। 3 नवंबर को विधानसभा के विशेष सत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विशेष संबोधन करेंगी, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 नवंबर को मुख्य समारोह में शामिल होंगे।
रजत जयंती समारोह 11 दिनों तक पूरे प्रदेश में अलग-अलग कार्यक्रमों के रूप में मनाया जाएगा। 1 नवंबर को सीएम आवास में *ईगास पर्व* का आयोजन होगा और शाम को गढ़ी कैंट सांस्कृतिक केंद्र में *कॉमेडी फेस्ट* आयोजित किया जाएगा। इसके बाद विभिन्न तिथियों में अल्ट्रा मैराथन, प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन, युवामहोत्सव, किसान सम्मेलन, रोजगार मेला और राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान समारोह जैसे कार्यक्रम होंगे।
11 नवंबर को देहरादून स्थित एफआरआई में राज्य स्थापना की रजत जयंती का मुख्य समारोह होगा। इस दौरान गढ़ी कैंट सांस्कृतिक केंद्र में प्रतिदिन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उत्तराखंड की रजत जयंती के ये आयोजन प्रदेश के विकास, संस्कृति और एकता के प्रतीक के रूप में इतिहास में दर्ज होंगे।