केदारनाथ धाम की यात्रा अब श्रद्धालुओं की जेब पर भारी पड़ेगी। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने हेली सेवा के किराए में 45.86 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 15 सितंबर से लागू होंगी। दूसरे चरण की हेली सेवा के लिए टिकट बुकिंग 10 सितंबर से आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू हो चुकी है।
गौरतलब है कि इस साल 2 मई 2025 को हेली सेवा की शुरुआत हुई थी, लेकिन उत्तरकाशी और केदार घाटी में हुई हेलिकॉप्टर दुर्घटनाओं के बाद सेवाएं बंद कर दी गई थीं। अब सरकार की अनुमति और नई एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) के तहत हेली सेवा को दोबारा शुरू किया जा रहा है। गृह सचिव शैलेष बगौली की अध्यक्षता में गठित 10 सदस्यीय समिति ने सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए नई गाइडलाइन तैयार की है।
यूकाडा के सीईओ आशीष चौहान के अनुसार, गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी से केदारनाथ तक चलने वाली हेली सेवा में प्रतिदिन सीमित शटल उड़ानों और सीटों की कमी के चलते किराया बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
नई दरों के अनुसार, गुप्तकाशी से केदारनाथ का किराया 8,532 रुपये से बढ़कर 12,444 रुपये हो गया है। फाटा से केदारनाथ तक का किराया 6,062 रुपये से बढ़कर 8,842 रुपये और सिरसी से केदारनाथ का किराया 6,060 रुपये से बढ़कर 8,839 रुपये कर दिया गया है।
किराए में हुई इस बढ़ोतरी से श्रद्धालुओं को अतिरिक्त बोझ उठाना पड़ेगा, हालांकि प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा और सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है।