चंदौली जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) के वार्ड नंबर 24 स्थित न्यू महाल क्षेत्र में सीवर और नाली निर्माण की धीमी गति से स्थानीय लोग त्रस्त हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि पिछले 20 से 27 दिनों से यहां विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़ा है। पाइपलाइन बिछाने के नाम पर कई जगहों पर इंटरलॉकिंग ईंटें उखाड़कर छोड़ दी गई हैं और गहरी खंदक खोदकर काम बंद कर दिया गया है।
बारिश के कारण घरों में घुस रहा गंदा पानी
लगातार हो रही बारिश के चलते खुदी हुई और टूटी सड़कों पर भारी जलभराव हो गया है, जिससे गंदा पानी सीधे लोगों के घरों के अंदर घुस रहा है। स्थानीय निवासी पूजा शर्मा ने बताया कि रास्तों के बदहाल होने के कारण पैदल चलना तो दूर, वाहनों को सुरक्षित खड़ा करना भी असंभव हो गया है। खुले गड्ढों के कारण बच्चों और बुजुर्गों के फिसलकर चोटिल होने का खतरा लगातार बना हुआ है।
ठेकेदार की लापरवाही और गुणवत्ता पर सवाल
निर्माण कार्य में मजदूरों की भारी अनियमितता देखी जा रही है, जहां 15-20 दिन काम बंद रहने के बाद महज औपचारिकता निभाई जाती है। स्थानीय लोगों ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए मांग की है कि ठेकेदार का भुगतान करने से पहले जूनियर इंजीनियर (JE) और अधिकारी मौके पर आकर भौतिक सत्यापन करें, और जनता की संतुष्टि के बाद ही फाइल आगे बढ़ाई जाए।