UP News : पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय): नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर-3 में पिछले करीब डेढ़ महीने से जलजमाव की समस्या बनी हुई है। नक्षत्र लॉन के पीछे और सिद्धार्थ कॉन्वेंट स्कूल के पास सड़क पर लंबे समय से पानी जमा होने के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या से नाराज लोगों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन कर नगर पालिका और प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जलजमाव के साथ सड़क पर गंदगी भी जमा है, जिसके चलते मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। लोगों ने डेंगू समेत अन्य बीमारियों का खतरा भी जताया है। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
टूटी नालियों से नहीं हो रही पानी की निकासी
स्थानीय निवासी रामनाथ शर्मा के मुताबिक, सड़क का निर्माण वर्ष 2008 में हुआ था, लेकिन इसके बाद सड़क और जलनिकासी व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। पिछले डेढ़ महीने से जलजमाव के कारण लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है।सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि मोहल्ले में बड़ी संख्या में लोग रहते हैं और जलभराव से बच्चे, बुजुर्ग और अन्य स्थानीय निवासी प्रभावित हैं। उनका कहना है कि कई स्थानों पर नालियां टूटने या अवरुद्ध होने के कारण पानी की निकासी बाधित हो गई है।स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि जलभराव के बीच सांप, बिच्छू और अन्य जीव-जंतु निकलने से खतरा बना रहता है।
स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी
सिद्धार्थ कॉन्वेंट स्कूल के पास जलभराव होने के कारण स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को विशेष परेशानी हो रही है। लोगों के अनुसार पानी और फिसलन के चलते कुछ बच्चे गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।वहीं बुजुर्गों और बीमार लोगों को अस्पताल या अन्य जरूरी कामों के लिए बाहर निकलने में परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका में कई बार लिखित शिकायत देने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।लोगों ने सड़क को ऊंचा कराने और बेहतर जलनिकासी के लिए नाली का निर्माण कराने की मांग की है। साथ ही नाली निर्माण के लिए स्वीकृत धनराशि और अधूरे कार्य की भी जांच की मांग उठाई गई है।
नगर पालिका ने जल्द समाधान का दिया भरोसा
चेयरमैन प्रतिनिधि शमशाद ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में इस बार जिन स्थानों पर जलजमाव की समस्या सामने आई है, उन्हें चिन्हित किया गया है। उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर-3 के अलावा मच्छटला क्षेत्र के पीछे, वार्ड नंबर-9 और वार्ड नंबर-16 के कयामू वाला क्षेत्र सहित अन्य स्थानों को आगामी कार्ययोजना में शामिल किया गया है।उनके अनुसार, प्रभावित स्थानों पर सड़क को ऊंचा कराने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने की योजना है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराने की बात कही गई है। वहीं प्रदर्शन कर रहे लोगों ने जिलाधिकारी से स्थलीय निरीक्षण कराकर सड़क, नाली और जलनिकासी की समस्या का जल्द स्थायी समाधान कराने की मांग की है।