1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तराखंड
  3. केदारनाथ यात्रा मार्ग पर लैंडस्लाइड, SDRF ने 10,000 से अधिक श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर लैंडस्लाइड, SDRF ने 10,000 से अधिक श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला

रुद्रप्रयाग में मुनकटिया क्षेत्र में भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड से केदारनाथ यात्रा मार्ग बाधित हो गया। SDRF और NDRF ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर हजारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला।

By: hindidesk  RNI News Network
Updated:
gnews
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर लैंडस्लाइड, SDRF ने 10,000 से अधिक श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भारी बारिश के कारण बड़ा हादसा सामने आया है। सोनप्रयाग-गौरीकुंड के बीच मुनकटिया क्षेत्र में लैंडस्लाइड होने से मुख्य सड़क मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु बीच रास्ते में फंस गए।

घटना की सूचना मंगलवार रात 9:16 बजे जिला नियंत्रण कक्ष (DCR) रुद्रप्रयाग को मिली, जिसके बाद तत्काल State Disaster Response Force की टीम उपनिरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में मौके के लिए रवाना हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए National Disaster Response Force की टीम भी राहत और बचाव कार्य में शामिल हुई।

रात का समय, लगातार खराब मौसम, पहाड़ी से गिरता मलबा और तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ ने बचाव अभियान को बेहद चुनौतीपूर्ण बना दिया। इसके बावजूद SDRF और NDRF की टीमों ने संयम और सूझबूझ के साथ ऑपरेशन चलाया। टीमों ने सड़क के दोनों ओर फंसे करीब 10,450 श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से एक ओर से दूसरी ओर निकाला।

एसडीआरएफ कमांडेंट अर्पण यदुवंशी ने जानकारी दी कि सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है और किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि अंधेरे और कठिन परिस्थितियों में भी रेस्क्यू टीमों ने लगातार काम किया और सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क पर जमा मलबा हटाया गया, जिसके बाद मार्ग को पुनः यातायात के लिए खोल दिया गया।

यह घटना उस समय हुई जब चारधाम यात्रा अपने चरम पर है और हजारों श्रद्धालु रोजाना केदारनाथ धाम के लिए यात्रा कर रहे हैं। मौसम की अनिश्चितता के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे यात्रा मार्गों पर खतरा बना हुआ है।
प्रशासन ने यात्रियों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...