उत्तराखंड सरकार ने प्रशासनिक ढांचे में व्यापक बदलाव करते हुए कई IAS और PCS अधिकारियों के तबादले और प्रभार में बदलाव किए हैं। इस फेरबदल में कुछ अधिकारियों से महत्वपूर्ण विभागों के अतिरिक्त प्रभार वापस लिए गए, जबकि कई को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
IAS आनंद स्वरूप से आयुक्त खाद्य का प्रभार हटा लिया गया है, वहीं रुचि मोहन से अपर आयुक्त नागरिक आपूर्ति और प्रकाश चंद्र से संयुक्त निर्वाचन अधिकारी का चार्ज वापस लिया गया। बंशीलाल राणा को आयुक्त खाद्य का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
प्रशासनिक पुनर्संरचना के तहत कई नए पदस्थापन भी किए गए हैं। गौरी प्रभात को संयुक्त मजिस्ट्रेट पौड़ी गढ़वाल, जबकि दीक्षिता जोशी को संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत नियुक्त किया गया है। PCS अधिकारियों में प्रेमलाल को उत्तरकाशी, यशवीर सिंह को चमोली, मुकेश चंद्र को देहरादून, विपिन चंद्र और सुनील कुमार को चंपावत तथा पंकज भट्ट को टिहरी में डिप्टी कलेक्टर बनाया गया है।
इसके अलावा प्रकाश चंद्र दुमका को संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी, नंदन डुंगरियाल को अधीनस्थ सेवा चयन आयोग का सचिव, अवधेश कुमार को शहरी विकास मंत्रालय में संयुक्त निदेशक नियुक्त किया गया है। शैलेंद्र सिंह को एडीएम टिहरी गढ़वाल और वैभव गुप्ता को एडीएम (वित्त-राजस्व) हरिद्वार की जिम्मेदारी दी गई है।