उत्तराखंड की रजत जयंती के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गांधी ग्राम आंगनबाड़ी केंद्र की प्रदर्शनी लगाई गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब प्रदर्शनी का अवलोकन कर रहे थे, तभी एक नन्हीं बच्ची काजल ने उत्साहपूर्वक आवाज लगाई “मोदी जी, मोदी जी!” प्रधानमंत्री ने मुस्कुराते हुए उसकी पुकार सुनी और सीधे उस स्टॉल की ओर बढ़ गए।
बच्ची ने पीएम को भेंट किया गुलाब का फूल
स्टॉल पर पहुंचकर प्रधानमंत्री मोदी ने बच्चों से पूछा, “मैं कौन हूं?” बच्चों ने उत्साह से जवाब दिया, “मोदी जी!” इस दौरान काजल ने प्रधानमंत्री को गुलाब का फूल भेंट किया। आंगनबाड़ी केंद्र की हेल्पर शिखा ने कहा कि यह उनके जीवन का सौभाग्यपूर्ण क्षण था कि बच्चों को प्रधानमंत्री से मिलने का अवसर मिला।
बच्चों ने साझा किया अपना हुनर
प्रधानमंत्री ने बच्चों से पूछा कि वे क्या करते हैं, जिस पर बच्चों ने बताया कि वे ड्राइंग बनाना पसंद करते हैं। बच्चों के साथ यह स्नेहपूर्ण बातचीत और मुस्कुराहटों से भरा पल सभी के लिए यादगार बन गया।