उत्तराखंड में धामी कैबिनेट और भाजपा संगठन में फेरबदल को लेकर फैसले की घड़ी करीब आ रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस समय दिल्ली प्रवास पर हैं, जहां उनकी केंद्रीय नेतृत्व से प्रस्तावित मुलाकातें सियासी गलियारों में चर्चाओं को हवा दे रही हैं।
महेंद्र भट्ट का बड़ा बयान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दोबारा बयान दिया है कि कैबिनेट विस्तार होना तय है। इस बार उन्होंने अपने बयान को और भी मजबूत तरीके से रखा और कहा कि मुख्यमंत्री जल्द इस पर निर्णय लेंगे। यह बयान ऐसे समय आया जब सीएम धामी दिल्ली में मौजूद हैं और उनके वहां रुकने की संभावना जताई जा रही है।
बलूनी के बयान ने दिए बड़े संकेत
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि उन्होंने पार्टी फोरम पर अपनी बात मजबूती से रख दी है। उनका यह बयान भी बड़े सियासी बदलाव की ओर इशारा कर रहा है। चर्चा यह भी है कि मसला सिर्फ कैबिनेट विस्तार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कुछ मंत्रियों के विभागों में बदलाव की भी संभावना है।
कैबिनेट फेरबदल से आगे भी होंगे बड़े बदलाव?
भाजपा नेतृत्व को राज्य में नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन का भी फैसला लेना है, साथ ही नए मुख्य सचिव की नियुक्ति भी करनी है। सूत्रों के मुताबिक, अब यह बदलाव का सही समय है क्योंकि सरकार और संगठन लोकसभा चुनाव, विधानसभा उपचुनाव और स्थानीय निकाय चुनाव से फारिग हो चुके हैं। ऐसे में कैबिनेट विस्तार और उससे जुड़े अन्य बड़े बदलावों की चर्चाएं तेज हो गई हैं।