देहरादून के निंबूवाला में आयोजित निनाद महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कलाकारों और लेखकों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने वृद्ध और आर्थिक रूप से कमजोर कलाकारों व लेखकों की मासिक पेंशन तीन हजार रुपये से बढ़ाकर छह हजार रुपये करने की घोषणा की। इसके अलावा, संस्कृति विभाग में सूचीबद्ध सांस्कृतिक कलाकारों को अब नॉर्थ जोन कल्चरल सेंटर की तर्ज पर मानदेय दिया जाएगा।
हर जिले में बनेगा सभागार
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हर जिले में एक सभागार (प्रेक्षागृह) का निर्माण कराया जाएगा, जिससे स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश की सांस्कृतिक गतिविधियों को नया मंच और प्रोत्साहन मिलेगा।
संग्रहालयों से सहेजी जाएगी सांस्कृतिक धरोहर
उन्होंने बताया कि प्रदेश में एक राज्य स्तरीय संग्रहालय तथा कुमाऊं और गढ़वाल मंडल में एक-एक मंडल स्तरीय संग्रहालय का निर्माण किया जाएगा, ताकि उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को सुरक्षित और प्रदर्शित किया जा सके।
राज्य आंदोलनकारियों को किया नमन
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सांस्कृतिक संगम इस बात का प्रमाण है कि भौगोलिक सीमाएं हमें बांट नहीं सकतीं। हम सब साझा विरासत और हिमालय की चेतना से जुड़े हैं। उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि यह राज्य अनेक कठिनाइयों और बलिदानों से बना है, इसलिए उनकी स्मृतियों को सहेजना और नई पीढ़ी को प्रेरित करना हमारा कर्तव्य है।