देहरादून के थानों स्थित लेखक गांव में आयोजित स्पर्श हिमालय महोत्सव का आज तीसरा और अंतिम दिन मनाया गया। इस अवसर पर योग, आध्यात्म, नाड़ी विज्ञान और हिमालयी पर्यटन पर विशेष सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्वलित कर की। उन्होंने कहा कि ऐसा आयोजन लोगों को प्रकृति, संस्कृति और आंतरिक संतुलन से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
नाड़ी रोग विशेषज्ञ लक्ष्मी नारायण जोशी ने सत्र के दौरान बताया कि शरीर में होने वाले अधिकांश रोगों की जड़ मस्तिष्क और मन की स्थिति से जुड़ी होती है। उन्होंने कहा कि अनियमित दिनचर्या, गलत भोजन आदतें और अनिद्रा से बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। संयमित जीवनशैली और मानसिक शुद्धता से रोगों को जड़ से समाप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम में कई अन्य विशेषज्ञों ने भी अपने विचार साझा किए और लोगों को स्वस्थ जीवन के लिए जागरूक किया।