उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में वन्यजीव सप्ताह का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने वन विभाग द्वारा आयोजित बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण के संदेश को जनता तक पहुँचाने का एक माध्यम थी और रैली का मार्ग घंटाघर, परेड ग्राउंड, सर्वे चौक से होते हुए मालसी जू तक गया। अक्टूबर के पहले सप्ताह में हर साल मनाया जाने वाला वन्यजीव सप्ताह लोगों में वन्यजीव संरक्षण और उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आयोजित किया जाता है।
इस वर्ष वन्यजीव सप्ताह की थीम “मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व“ रखी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वन और वन्यजीव पारिस्थितिकी तंत्र के अनिवार्य अंग हैं और इनके संरक्षण के बिना जीवन असंभव है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस सप्ताह के अवसर का लाभ उठाएं और वन्यजीव संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है।
वन्यजीव सप्ताह के दौरान 02 से 08 अक्टूबर तक दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र में वन्यजीव फोटोग्राफी प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ ही 03 अक्टूबर को मालसी जू, देहरादून में विशेष वन्यजीव जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें पर्यावरण विशेषज्ञ, जनप्रतिनिधि और नागरिक भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में प्रमुख सचिव वन आर.के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक हॉफ डॉ. समीर सिन्हा, प्रमुख वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक रंजन कुमार मिश्र समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।