राजधानी देहरादून के राजीव गांधी नवोदय विद्यालय नूनखेड़ा में आज सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस खेल महोत्सव के तहत ग्राम स्तरीय प्रतियोगिताएं 27 अक्टूबर से, ब्लॉक स्तरीय खेल 12 से 13 नवंबर तक और जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 20 से 25 दिसंबर तक आयोजित की जाएंगी। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को नई दिशा मिली है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में नई खेल नीति लागू की गई है और मुख्यमंत्री उदयमान खिलाड़ी योजना के तहत प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। राज्य में आठ शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जा रही हैं। सीएम ने राष्ट्रीय खेलों में 103 पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।