उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पिथौरागढ़ जिले के मिलम पहुंचे, जहां उन्होंने चीन सीमा पर तैनात आईटीबीपी जवानों से मुलाकात कर उनका मनोबल बढ़ाया। सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने आदि कैलाश, गुंजी और ज्योलिंगकांग जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा किया है, जिससे सैनिकों का हौसला और भी मजबूत हुआ है। उन्होंने जवानों के साथ जलपान कर उन्हें उनके समर्पण के लिए धन्यवाद दिया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने जिला मुख्यालय में देवसिंह मैदान में आयोजित सहकारिता मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सीमांत जिलों में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और मिलम को भी प्रमुख टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और जिले का आर्थिक विकास तेज गति से होगा।