मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काशीपुर में भाजपा के नए जिला कार्यालय के लोकार्पण के अवसर पर राज्य सरकार की बड़ी कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार ने लैंड जिहादियों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए 9000 एकड़ जमीन को मुक्त कराया है। इसके साथ ही 250 अवैध मदरसों को सील करने और 500 से अधिक अवैध संरचनाओं को ध्वस्त करने का कार्य किया गया है।
सीएम धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में अब कोई भी व्यक्ति धार्मिक आड़ में भूमि कब्जाने की हिम्मत नहीं कर सकेगा। उन्होंने बताया कि राज्य में नकल विरोधी कानून, लव जिहाद, लैंड जिहाद, भू-कानून और कालनेमि कानून लागू कर सरकार ने पारदर्शी शासन की दिशा में ठोस कदम बढ़ाए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मदरसा बोर्ड को समाप्त करने का निर्णय लिया गया है और 1 जुलाई 2026 के बाद ऐसे मदरसों को मान्यता नहीं दी जाएगी जो राज्य शिक्षा आयोग द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम का पालन नहीं करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि ऑपरेशन कालनेमि के तहत अब तक 6000 से अधिक लोगों पर कार्रवाई की गई है।
नकल माफिया पर बोलते हुए सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड में देश का सबसे कड़ा नकल विरोधी कानून लागू है। हाल ही में हरिद्वार की एक परीक्षा में नकल कराने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए परीक्षा रद्द की गई और दोषियों को जेल भेजा गया। इसके परिणामस्वरूप अब तक 26 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्राप्त हुई है।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सीएम धामी ने कहा कि सरकार राज्य को अवैध गतिविधियों से मुक्त कर विकास और सुशासन का नया अध्याय लिख रही है।