उत्तराखंड स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राज्य सरकार इस वर्ष को रजत जयंती वर्ष के रूप में मना रही है। इस विशेष मौके पर तीन और 4 नवंबर को उत्तराखंड विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। सत्र देहरादून स्थित विधानसभा भवन में होगा, जिसे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संबोधित करेंगी। यह अवसर उत्तराखंड की 25 वर्ष की विकास यात्रा का प्रतीक बनेगा।
इस बीच, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि रजत जयंती सत्र भराड़ीसैंण में आयोजित होना चाहिए था, क्योंकि वहीं उत्तराखंड की स्थायी राजधानी की परिकल्पना की गई थी। उन्होंने कहा कि देहरादून में सत्र आयोजित कराकर सरकार ने एक बार फिर अवसर खो दिया है।
वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सत्र का आयोजन सभी की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए देहरादून में किया जा रहा है। राष्ट्रपति के आगमन और उनकी सुरक्षा व्यवस्था के लिए यह स्थान उपयुक्त है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के 25 वर्षों की यात्रा को अब अनंत की ओर ले जाना है, ताकि राज्य देश के श्रेष्ठ राज्यों में शामिल हो सके।