उत्तराखंड विधानसभा में 3 और 4 नवंबर को विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है, जिसकी तैयारियों में विधानसभा सचिवालय जोर-शोर से जुटा हुआ है। यह सत्र राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है और इसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विशेष रूप से शामिल होंगी। राष्ट्रपति तीन दिन के उत्तराखंड दौरे पर आ रही हैं। वे 2 नवंबर को हरिद्वार में एक कार्यक्रम में भाग लेंगी और 3 नवंबर को सुबह 11 बजे देहरादून विधानसभा में विशेष सत्र को संबोधित करेंगी।
यह अवसर ऐतिहासिक होगा, क्योंकि उत्तराखंड विधानसभा के इतिहास में यह दूसरा मौका है जब किसी राष्ट्रपति का अभिभाषण विशेष सत्र में होगा। इससे पहले मई 2015 में पूर्व राष्ट्रपति स्व. प्रणव मुखर्जी ने विशेष सत्र में संबोधन किया था।
राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद वे नैनीताल के लिए रवाना होंगी। इस विशेष सत्र में पक्ष और विपक्ष दोनों राज्य की 25 वर्ष की यात्रा और भविष्य की विकास योजनाओं पर चर्चा करेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने बताया कि सत्र की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति का अभिभाषण होगा, जबकि दूसरे दिन राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इस दौरान कोई विधायी कार्य नहीं होगा। विधानसभा सचिवालय सत्र को ऐतिहासिक और यादगार बनाने की पूरी तैयारी में जुटा है।