1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तराखंड
  3. UK News: अखिलेश यादव ने उत्तराखंड सरकार पर साधा निशाना, मां गंगा की स्वच्छता को लेकर उठाए सवाल

UK News: अखिलेश यादव ने उत्तराखंड सरकार पर साधा निशाना, मां गंगा की स्वच्छता को लेकर उठाए सवाल

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है।

By: hindidesk  RNI News Network
Updated:
gnews
UK News: अखिलेश यादव ने उत्तराखंड सरकार पर साधा निशाना, मां गंगा की स्वच्छता को लेकर उठाए सवाल

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है। उनकी टिप्पणी ने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दिया है, खासकर तब जब उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्य की समग्र स्थिति पर उनसे सवाल पूछ लिए।

अखिलेश यादव अपने हेलिकॉप्टर से कम विजिबिलिटी के कारण देहरादून स्थित जौलीग्रांट एयरपोर्ट से उड़ान नहीं भर सके, जिसके बाद उन्हें हरिद्वार में ही रात्रि विश्राम करना पड़ा। इस दौरान उन्होंने राज्य और केंद्र सरकारों के खिलाफ तीखे बयान दिए और उत्तराखंड के विकास को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की।

अखिलेश यादव ने सबसे पहले गंगा नदी की स्वच्छता को लेकर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सरकार को घेरे में लिया। जिसपर उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता जो गंगा को स्वच्छ रखने का दावा करते हैं, आज वही गंगा नालों और सीवर से गंदी हो गई हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आज कोई भी भाजपा कार्यकर्ता गंगा के पानी का आचमन (पूजन शुद्धि) करने के लिए तैयार नहीं होगा। उन्होंने यह आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने गंगा की सफाई में नाकामी ही दिखाई है, जबकि इसके नाम पर जोरों से राजनीति की जा रही है।

औद्योगिक विकास की स्थिति पर भी सवाल

अखिलेश यादव ने उत्तराखंड के औद्योगिक विकास की स्थिति पर भी सवाल उठाए। यादव ने कहा कि जब उत्तराखंड राज्य का गठन हुआ था, तो यह उम्मीद की गयी थी कि यहां औद्योगिक विकास होगा और युवाओं को रोजगार मिलेगा, लेकिन वास्तविकता इसके विपरीत ही रही है। आगे उदाहरण देते हुए कहा कि पंतनगर और हरिद्वार की औद्योगिक इकाइयों का धीरे-धीरे अस्तित्व समाप्त होता जा रहा है।

अखिलेश ने यह भी याद दिलाया कि उनके पिता और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने उत्तराखंड के विकास के लिए विशेष पैकेज की मांग की थी, जो कि संसद में उठाई गई थी, उसका कुछ नहीं हुआ। अखिलेश यादव ने आगे आरोप लगाया कि राज्य में भाजपा सरकार की कार्यशैली से उत्तराखंड का औद्योगिक विकास पूरी तरह से ठप हो गया है।

इस संदर्भ में उन्होंने हल्द्वानी के फोरलेन निर्माण का उदाहरण दिया और कहा कि भाजपा सरकार ने उस परियोजना को अधर में छोड़ दिया है। इसके सााथ उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के समय में उत्तराखंड के विकास का जो वादा किया गया था, वह पूरा नहीं हो पाया।

भाजपा नकारात्मक राजनीति कर रही भाजपा

राज्य की सत्ताधारी भाजपा पार्टी पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नकारात्मक राजनीति कर रही है। उन्होंने भाजपा द्वारा प्रचारित ‘बंटोगे तो कटोगे’ जैसे नारे की भी आलोचना की और दावा किया कि इस नारे का भाजपा के भीतर भी विरोध हो रहा है।

कई भाजपा नेता इस नारे से दूर हो गए हैं और इसके खिलाफ सुझाव दे रहे हैं। अखिलेश ने यह भी कहा कि यदि भाजपा को यह नारा पसंद है, तो पार्टी के नेता इसे उत्तराखंड बुलाकर वहां प्रचारित करें।

सपा प्रमुख ने उत्तराखंड के विकास के लिए पूर्व कांग्रेस मुख्यमंत्री एनडी तिवारी के कार्यकाल की सराहना की, जब उनके कार्यकाल राज्य में औद्योगिक विकास की दिशा में कुछ ठोस कदम उठाए गए थे। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उसके बाद राज्य में औद्योगिक इकाइयों का पतन हुआ और उत्तराखंड की जनता की खुशहाली का सपना अधूरा रह गया। फिर दावा किया कि वर्तमान भाजपा सरकार ने राज्य की जनता के लिए कोई सार्थक योजना नहीं बनाई है और इसे केवल चुनावी लाभ के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।

अखिलेश यादव ने प्रदेश में भाजपा की आगामी चुनावी संभावनाओं पर भी बात की और कहा कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को पूरी तरह से हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने अग्निवीर योजना पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि यह योजना युवा फौजियों को सम्मान देने के बजाय उनका अपमान करने वाली है। उन्होंने कहा कि यह योजना युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाने वाली है और इसका विरोध करना चाहिए।

साथ ही, उन्होंने जीएसटी को लेकर भी भाजपा सरकार पर हमला बोला। उनका कहना था कि जीएसटी का उद्देश्य व्यापार को आसान बनाना था, लेकिन भाजपा ने इसे उलझन में डाल दिया है। इसके कारण छोटे व्यापारी परेशान हो रहे हैं, जबकि भाजपा के करीबी लोग इससे फायदा उठा रहे हैं। अखिलेश ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा की मुनाफाखोरी और चंदा वसूली के कारण महंगाई बढ़ी है, जो आम जनता के लिए चिंता का कारण बन गई है।

इस दौरान अखिलेश यादव के साथ सपा के कई प्रमुख नेता भी मौजूद थे, जिनमें प्रदेश अध्यक्ष शंभू प्रसाद नौटियाल, डॉ. सत्यनारायण सचान, चंद्रशेखर यादव, आशीष यादव, डॉ. राजेंद्र पराशर और श्रवण शंखधर जैसे नेता शामिल थे।

This Post is written by Abhijeet Kumar yadav

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...