उत्तराखंड के नैनीताल और कैंची धाम में बढ़ती पर्यटकों की भीड़ और लगातार लगने वाले जाम को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। ईद और आगामी वीकेंड के दौरान नैनीताल और कैंची धाम में दोपहिया वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध लगाया गया है। यह निर्णय यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने के उद्देश्य से लिया गया है।
पुलिस के अनुसार रामपुर, मुरादाबाद, उधम सिंह नगर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पर्यटक बाइक के जरिए नैनीताल और बाबा नीम करौली के प्रसिद्ध कैंची धाम पहुंचते हैं। इससे शहर में भारी ट्रैफिक दबाव बन जाता है और कई बार लंबा जाम लग जाता है। एसपी नैनीताल जगदीश चंद्र ने बताया कि बड़े वाहनों को तो पहले से ही एंट्री पॉइंट पर रोककर शटल सेवा के माध्यम से भेजा जाता था, लेकिन दोपहिया वाहनों के कारण ट्रैफिक व्यवस्था नियंत्रित करना चुनौती बन रहा था।
उन्होंने कहा कि बेतरतीब ढंग से चलने वाली बाइकों से सड़क हादसों की आशंका भी बढ़ जाती है। साथ ही नैनीताल और कैंची धाम में दोपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से समस्या और गंभीर हो जाती है। इसी को देखते हुए ईद से अगले वीकेंड तक निजी और टैक्सी दोनों तरह की बाइकों की एंट्री प्रतिबंधित कर दी गई है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार जिले के बाहर से आने वाले पर्यटकों की बाइक काठगोदाम और कालाढूंगी में ही रोक दी जाएगी। वहां से पर्यटकों को शटल सेवा या सार्वजनिक परिवहन के जरिए नैनीताल और कैंची धाम भेजा जाएगा। प्रशासन ने पर्यटकों से सहयोग की अपील करते हुए नियमों का पालन करने को कहा है।