मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा-मेलाघाट राज्य मार्ग (राज्य मार्ग संख्या 107) के पुनर्निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। यह परियोजना 2089.74 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत की गई है, जिसके तहत 11.50 किलोमीटर लंबी सड़क का पुनर्निर्माण, ड्रेनेज सिस्टम, सड़क सुरक्षा कार्य, और रोड साइनएज की स्थापना जैसे कई विकास कार्य किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य हर विकास परियोजना के माध्यम से जनता के जीवन स्तर को ऊंचा उठाना है। खटीमा-मेलाघाट सड़क परियोजना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उन्होंने बताया कि यह सड़क न केवल खटीमा क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास की धुरी बनेगी, बल्कि भारत-नेपाल सीमावर्ती संपर्क को भी मजबूत करेगी। इससे सीमावर्ती व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में नए अवसर उत्पन्न होंगे।
सीएम धामी ने कहा कि सड़क निर्माण कार्यों के साथ-साथ भू-कटाव रोकने और जल निकासी व्यवस्था के सुधार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ और सुरक्षित बनी रहे। उन्होंने यह भी कहा कि खटीमा अब शिक्षा का हब बन चुका है, जहां सीमावर्ती क्षेत्रों के विद्यार्थी भी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “कनेक्टिविटी ही विकास की रीढ़” के संकल्प को आगे बढ़ा रही है। राज्य में सड़कों का विस्तार और आधुनिकीकरण तेजी से किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने जनता को दीपावली और आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं दीं और प्रदेश में सौहार्द, सुरक्षा व स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया।