अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनावपूर्ण हालात में एक महत्वपूर्ण मोड़ आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ चल रहे बमबारी और सैन्य हमलों को दो सप्ताह के लिए रोकने का निर्णय लिया है। यह फैसला पाकिस्तान की मध्यस्थता और ईरान द्वारा पेश किए गए 10 सूत्रीय शांति प्रस्ताव के बाद लिया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल असीम मुनीर की पहल के बाद दोनों देशों के बीच अस्थायी युद्धविराम (सीजफायर) पर सहमति बनी। इस समझौते के तहत अमेरिका ने शर्त रखी कि ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह और सुरक्षित रूप से खोल देगा, जिसे ईरान ने स्वीकार कर लिया है।
हालांकि, दोनों देशों के बीच कई गंभीर मुद्दे अब भी बने हुए हैं। ईरान ने अपने शांति प्रस्ताव में कई बड़ी मांगें रखी हैं, जिनमें अमेरिका से हमले न करने की गारंटी, परमाणु कार्यक्रम में एनरिचमेंट की अनुमति, सभी आर्थिक प्रतिबंधों को हटाना और युद्ध में हुए नुकसान की भरपाई शामिल है।
सीजफायर की घोषणा के बाद वैश्विक बाजारों में सकारात्मक असर देखने को मिला। तेल की कीमतों में 13% से अधिक की गिरावट दर्ज की गई, जिससे ब्रेंट क्रूड लगभग 94.74 डॉलर और अमेरिकी क्रूड 96.83 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।अब दोनों देशों के बीच अगली वार्ता पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में 10 अप्रैल को प्रस्तावित है।